लक्ष्मीपुर। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के ब्लाक मुख्यालय लक्ष्मीपुर परिसर में शनिवार को ग्राम सचिव व ग्राम प्रधान पति में जमकर गली गलौज, मारपीट हुई। स्थानीय लोग इस घटना का कारण पैसे की लेनदेन बता रहे हैं। दोनों पक्षों से तहरीर थाने में दी गई है।
जानकारी के मुताबिक लक्ष्मीपुर के ग्राम पंचायत रुद्रपुर शिवनाथ के ग्राम प्रधान पति सर्वेश कुमार मद्धेशिया की ओर से दिए तहरीर के अनुसार तत्कालीन ग्राम सचिव कौशलेंद्र कुशवाहा ग्राम प्रधान से पचास हजार रुपये हिसाब में बकाया रह गया था। इसे वह बार बार मांग रहे थे। इसी बकाए धनराशि को लेकर दोनों पक्षों में ब्लाॅक मुख्यालय परिसर में कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। मामले में गली-गलौज के बाद दोनों में मारपीट हो गई।
ग्राम सचिव कौशलेंद्र कुशवाहा ने बताया कि जब वह रुद्रपुर शिवनाथ गांव में कार्यरत थे तब ग्राम प्रधान पति सर्वेश कुमार और उनके बीच हिसाब में 52 हजार रुपये का अंतर आया था। जिसे वह पूरा करने के लिए कहे थे, लेकिन प्रधान पति बेवजह उनके ऊपर दबाव बना कर मारपीट करने पर उतारू हैं। सचिव ने बताया कि वह उच्चाधिकारियों को पूरे मामले से अवगत करा दिए हैं। बीडीओ लक्ष्मीपुर मृत्युंजय यादव ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। संवाद