महराजगंज। लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन व छठ को शांतिपूर्ण एवं सकुशल रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने मूर्ति विसर्जन स्थल रानीपुर पुल का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन व संभावित जोखिमों का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक ने यातायात नियंत्रण को मजबूत बनाने एवं आमजन की सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देश जारी किए कि विसर्जन मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन की उचित व्यवस्था हो, पार्किंग की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध कराई जाए। सीसीटीवी निगरानी को सक्रिय रखने के आदेश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पर्व के दौरान शांति एवं उत्साह का वातावरण बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। आमजन से अपील की गई है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।