महराजगंज। 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीराम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा में आमंत्रित नेपाल के 12 से अधिक अतिथि रविवार को सोनौली बाॅर्डर से गए थे। मंगलवार शाम अतिथि अयोध्या से नेपाल पहुंचे। जहां भैरहवा के मारवाड़ी धर्मशाला में राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी के युवा नेता गौरव बोहरा ने उनको पटका पहनाकर स्वागत किया।
गौरव बोहरा ने कहा कि प्रभु श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम सफल रहा। नेपाल से जाने वाले अतिथि आज लौटे हैं। उनके दर्शन मात्र से ही सभी नेपालवासियों को अयोध्या में प्रभु श्रीराम का दर्शन मिल गया। पूरा नेपाल प्रभु श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा से अभिभूत है।
अयोध्या से लौटे विशिष्ट अतिथि नेपाल के पूर्व न्यायाधीश गोपाल पराजुली ने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा देखना उनके जीवनकाल का एक ऐतिहासिक और अविस्मरणीय क्षण था। अयोध्या ही नहीं अब पूरे भारत में रामराज्य आ गया है। इसी तरह हम नेपाल में रामराज्य की परिकल्पना करते हैं। हम चाहते हैं कि नेपाल में भी राम जैसा सुशासन होना चाहिए। इस कार्यक्रम में उपस्थित होने का मौका मिला। हम सभी का जीवन धन्य हो गया। नेपाल और भारत का सदियों पुराना रिश्ता है। यह रिश्ता कभी भी खत्म होने वाला नहीं है। अतिथियों में नेपाल के पूर्व आईजी अच्युत कृष्ण खरेल, पूर्व एआईजी कल्पना तिमिलिस्ना, विश्व हिंदू परिषद की ज्योत्सना साहू, सांसद हरि प्रभा खड़की और विश्व हिंदू परिषद नेपाल के प्रह्लाद रेग्मी प्रमुख रहे। स्वागत करने वालों में राजन, रविकांत उपाध्याय, शशिकांत उपाध्याय, गोपाल उपाध्याय, दीपू, प्रेम सिंह पौड़ेल रहे।