परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के अमवा चौराहे पर स्थित एक टेंट की दुकान में रविवार की रात चोर नकब लगाकर लाखों रुपये के सामान उड़ा ले गए। सोमवार की सुबह जब दुकानदार पहुंचा और शटर उठाया तो सामान बिखरा देख उसके होश उड़ गए। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, भिटौली थाना क्षेत्र के सोहसा बासपार निवासी गिरिजेश्वर पटेल का श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के अमवा चौराहे के पास टेंट और लाइट की दुकान है। उसी दुकान से डीजे साउंड का भी कारोबार करते हैं। रविवार की शाम दुकान बंद कर वह घर चले गए। सोमवार की सुबह वह दुकान पर पहुंचे और शटर का ताला खोलकर उठाया तो देखा कि अंदर का सामान बिखरा पड़ा है। अंदर जाकर देखा तो पीछे की दीवार से नकब लगाकर चोर चोरी सामान उड़ा ले गए। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के अनुसार, मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। दुकानदार ने तहरीर नहीं दी है। संवाद