पनियरा। ग्राम पंचायत नरकटहां के तरकुलहिया टोला निवासी महिला की मौत मामले में आरोपियों पर केस दर्ज करने के आश्वासन पर परिजनों ने सोमवार को अंतिम संस्कार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत नरकटहां के तरकुलहिया टोला में 10 माह पूर्व जमीनी विवाद में मारपीट हो गई थी। आरोप है कि मारपीट में मनरावती घायल हो गई थीं। शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इससे परिजन भड़के उठे और रविवार को शव आरोपी के दरवाजे पर दफनाने की कोशिश करने लगे। परिजनों का आरोप था कि पटीदारों ने मारपीट कर मनरावती को घायल कर दिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रोका और देर रात पुलिस के केस दर्ज करने के आश्वासन पर परिजन शव घर लेकर चले गए। सोमवार की सुबह रोहिनी नदी के अकटहवा घाट पर दाह संस्कार कर दिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष पनियरा निर्भय कुमार सिंह के अनुसार, परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।