निचलौल। विकासखंड क्षेत्र की ग्रामसभा खोनहौली में नाले में तब्दील हुई गांव की मुख्य सड़क की खबर प्रकाशित होने के बाद खंड विकास अधिकारी ने मामले का संज्ञान लिया है। बुधवार को बीडीओ के निर्देश पर सड़क पर बने गड्ढों में राबिश और टुकड़ा डालने का काम शुरू हो गया।
गांव की मुख्य सड़क पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पूरे वर्ष गंदा पानी जमा रहता है। ग्रामीणों को इसी पानी से होकर आवागमन करना पड़ता है। बरसात के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है। इस संबंध में अमर उजाला ने समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर का संज्ञान लेते हुए खंड विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल अस्थायी समाधान कराने के निर्देश दिए थे।
बुधवार को सड़क पर जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां राबिश और टुकड़ा डालने का कार्य शुरू कराया गया। इससे बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा होने की समस्या से ग्रामीणों को फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद है। खंड विकास अधिकारी संतोष कुमार यादव ने बताया कि मामले को संज्ञान में लेकर संबंधित सचिव और प्रशासक के माध्यम से तत्काल अस्थायी समाधान के लिए कार्य शुरू करा दिया गया है। आगे बजट की उपलब्धता के अनुसार जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा।