दर्जनों गांवों का संपर्क मार्ग जोखिम में, ग्रामीणों ने बैरिकेडिंग और तत्काल मरम्मत की उठाई मांग
निचलौल। बीते दो दिनों से हो रही बारिश के कारण निचलौल विकासखंड के भाठ क्षेत्र के ढेसो पुल का एप्रोच मार्ग धंस गया। पुल का एप्रोच करीब दो फीट तक धंस जाने से इस मार्ग पर सफर करना मुश्किल हो गया है। राहगीरों को आगाह करने के लिए गड्ढे के पास चेतावनी का झंडा लगा दिया है।
जानकारी के अनुसार, बजहा, बजही, बढ़या, डोमा समेत आसपास के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाले इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया व चारपहिया वाहन, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा ग्रामीण गुजरते हैं। पुल के किनारे सड़क का एक हिस्सा धंसकर गहरे गड्ढे में तब्दील हो गया है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
क्षेत्र के रामजीत साहनी, अज़ीमुल्ला,सोनू , शिकंदर , जितेन्द्र बहादुर, सुभाष, लालमन ने कहा कि सड़क धंसने के बाद ग्रामीणों ने अस्थायी रूप से गड्ढे के पास ईंट रखकर खतरे का संकेत लगा दिया गया है, लेकिन यह व्यवस्था दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पर्याप्त नहीं है। यदि समय रहते एप्रोच मार्ग की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता है।