परसामलिक। ग्राम पंचायत जिगिना के दर्जनों ग्रामीणों ने भैंसा हत्या प्रकरण में परसामलिक पुलिस की भूमिका की जांच और आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर रविवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक धरना जारी रहेगा।
ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम सभा जिगिना में एक छुट्टा भैंसा घूम रहा था। आरोप है कि अगस्त में गंगवलिया निवासी चार नामजद और 10 अज्ञात लोगों ने भैंसे को लाठी-डंडे और धारदार हथियार से मार डाला। आरोप यह भी है कि साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से भैंसे के शव को गायब कर दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर 19 अगस्त को श्रीराम पुत्र अधारे समेत कुछ ग्रामीणों ने परसामलिक पुलिस को तहरीर दी थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि 30 सितंबर को मामले को दबाने के लिए पुलिस ने 21 निर्दोष लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें शांतिभंग में न्यायालय भेज दिया, जबकि मुख्य आरोपियों को छोड़ दिया गया।
धरने के दौरान शिवेंद्र यादव, राजेश सिंह, राजेश यादव, इंसान अली, राजमंगल, योगेंद्र यादव, रामलखन समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।