निचलौल। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन, महराजगंज की बैठक रविवार को नगर पंचायत निचलौल स्थित मारवाड़ी धर्मशाला में हुई। इसमें संगठन को मजबूत करने के साथ दवा दुकानों के संचालन और नशीली दवाओं की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर चर्चा की गई।
बैठक के मुख्य अतिथि गोरखपुर संगठन के अध्यक्ष दिलीप सिंह और महामंत्री नीरज पाठक ने दवा कारोबारियों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से उठाने पर जोर दिया। पदाधिकारियों ने कहा कि मेडिकल स्टोर का संचालन शासन की ओर से निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाना चाहिए। दुकानों पर प्रतिबंधित और नशीली दवाओं की बिक्री किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए।
बैठक में दवा दुकानों की अनावश्यक जांच के नाम पर व्यापारियों को परेशान किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को उच्चाधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा ताकि उनका नियमानुसार समाधान कराया जा सके।
अध्यक्षता संगठन के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार चौरसिया ने की। संचालन जिला महामंत्री विनय कुमार नायक और तहसील महामंत्री विपिन सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान गोपाल जोशी, शंभूलाल वर्मा, गौतम जोशी, प्रदीप अग्रवाल, जयप्रकाश, रमेश, अमित सिंह, आलोक, हिमांशु गुप्ता, अनुरागेश्वर, अनुराग द्विवेदी, आकाश त्रिपाठी और दीनदयाल गुप्ता आदि मौजूद रहे।