ठूठीबारी। कोतवाली क्षेत्र के किशनपुर गांव के एक खेत में एक व्यक्ति द्वारा फेंके गए राख से निकली चिंगारी से दूसरे व्यक्ति के गन्ने के खेत में आग लग गई। हादसे में करीब दो मंडा गन्ने की फसल जलकर नष्ट हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बाद में दोनों पक्षों में सुलह हो गया।
जानकारी के अनुसार, किशनपुर निवासी व्यक्ति गांव के पूरब-दक्षिण कोने में स्थित अपने खेत में घर की राख और कूड़ा-करकट फेंकने गए थे। इसी दौरान उनके द्वारा अपने खेत में फेंके गए राख से निकली चिंगारी गांव के ही उदय प्रताप प्रजापति के गन्ने के खेत तक पहुंच गई। इससे उदय प्रताप के फसल में आग लग गई। देखते ही देखते गन्ने की फसल जलने लगी।
खेत में आग लगी देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से करीब दो मंडा गन्ने की फसल जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों के समझाने-बुझाने पर दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से सुलह-समझौता हो गया। समझौते के तहत व्यक्ति ने फसल के नुकसान की भरपाई के लिए किसान उदय प्रताप प्रजापति को 40 हजार रुपये देने पर सहमति जताई है।