परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के बंसवार गांव में कंबाइन मशीन का पार्ट तोड़ने से मना करने पर एक युवक ने ग्राम प्रधान पर हाथ में पहने कड़े से हमला कर दिया। बृहस्पतिवार की रात करीब 10:45 बजे हुई मारपीट में ग्राम प्रधान राम नेवास सिंह का सिर फट गया। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पुत्र विष्णु सिंह को भी आरोपी ने मारपीट कर घायल कर दिया।
मामले में पुलिस ने आरोपी संदीप के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राम नेवास सिंह की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक, बृहस्पतिवार की रात भोजन करने के बाद वह सोने जा रहे थे। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पर खड़ी उनकी कंबाइन मशीन से कुछ टूटने जैसी आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि एक युवक ने मशीन का पाइप तोड़ दिया था, जिससे तेल गिर रहा था।
प्रधान ने युवक से पाइप तोड़ने का कारण पूछ रहा था कि तभी गांव का एक दूसरा युवक संदीप मौके पर पहुंचा और हाथ में पहने कड़े से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उनका सिर फट गया। प्रधान के अनुसार, बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पुत्र विष्णु सिंह को भी आरोपी ने बुरी तरह पीटा, जिससे वह भी घायल हो गए। आरोप है कि आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी संदीप के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया है। घायल ग्राम प्रधान और उनके पुत्र का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।