महराजगंज। कंपोजिट, प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में शिक्षा के अतिरिक्त अन्य दक्षताएं बढ़ाई जाएंगी। इसके लिए माह का तीसरा शनिवार स्पर्धाओं के नाम रहेगा। प्रत्येक माह एक बीआरसी से एक प्रतिभागी चयनित कर खंड शिक्षा अधिकारियों को डायट प्राचार्य को रिपोर्ट देनी होगी। इसके लिए सभी बीईओ को बेसिक शिक्षा अधिकारी की तरफ से निर्देश जारी किए गए हैं। इस माह में 20 के बाद हिंदी कविता पाठ की स्पर्धा निर्धारित की गई है।
जनपद में 1500 से अधिक बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूल तो 13 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित हैं। नामांकित बच्चों की बात करें तो दो लाख से अधिक नामांकन हैं। इन विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के अतिरिक्त क्षेत्रों में जानकारी के लिए शिक्षा महानिदेशक स्तर से प्रतियोगिता आयोजन का निर्देश है। आयोजन की रिपोर्ट हर महीने बेसिक शिक्षा अधिकारी व डायट से होते हुए शिक्षा महानिदेशक कार्यालय को भेजी जाएगी। इस माह के लिए हिंदी कविता पाठ की स्पर्धा के निर्देश हैं।
इन प्रतियोगिताओं को मिला स्थान
डायट प्राचार्य सत्येंद्र कुमार सिंह के मुताबिक स्कूलों में प्रतिमाह होने वाली स्पर्धा में कहानी लेखन, निबंध लेखन, अभिनय, समूह गान, समसामयिक परिचर्चा, वाद-विवाद, अंताक्षरी, देश गान की प्रतियोगिता आयोजित की जानी है।
स्कूलों में प्रत्येक माह एक प्रतियोगिता आयोजित कराने के संदर्भ में डायट प्राचार्य का पत्र मिला है। आयोजन सुनिश्चित कर प्रत्येक ब्लॉक से एक प्रतिभागी का चयन कर आयोजन रिपोर्ट डायट को भेजने के निर्देश सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को दिए गए हैं।
- रिद्धि पांडेय, बीएसए