प्रशासन का दावा डीजल-पेट्रोल पर्याप्त, फिर भी पंपों पर लग रही है लंबी कतार
पूरी रात पेट्रोल पंपों पर बीता रहे हैं किसान, चिलचिताली धूप में भी लग रही लंबी-लंबी लाइनें
महराजगंज। जनपद में ईंधन के किल्लत की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। कृषि कार्यों के लिए डीजल की मांग बढ़ते ही किसानों की समस्या बढ़ गई है। प्रशासन भले ही डीजल-पेट्रोल के पर्याप्त स्टॉक के दावे कर रहा हो। जमीनी हकीकत यह है कि डीजल के लिए किसान रात से ही पेट्रोल पंपों पर लाइन लगा रहे हैं। तब तक पेट्रोल पंपों पर तेल बंट रहा है लोग लाइन लगा रहे हैं। पंप पर तेल खत्म होने के बाद ही लोग वहां से हट रहे हैं।
इस्राइल, अमेरिका और ईरान युद्ध के बाद से ईंधन आपूर्ति को लेकर व्यवस्था बिगड़ने लगी थी। पहले लोगों को गैस सिलिंडर के लिए रात से ही लाइन लगानी पड़ रही थी। वह लाइन कुछ छोटी हुई कि इसके बाद लोगों को डीजल-पेट्रोल की लाइन शुरू हो गई है। डीजल-पेट्रोल न मिलने के चलते खेती भी प्रभावित होने लगी है। जहां भी तेल मिल रहा है वहां लंबी-लंबी लाइनें लग जा रही हैं। बाइक सवार अपनी बाइक खड़ी कर गैलन में तेल लेने के लिए मजबूर हैं। रात से ही लाइन में लगने के बाद लोग चिलचिलाती धूप में लोग घंटों लाइन में खड़े रह रहे हैं। डीजल-पेट्रोल खत्म होने के बाद ही पंपों से भीड़ हट रही है। हालात यह है कि एंबुलेंसों को भी लाइन में लगना पड़ रहा है।
ईंधन के लिए कतार में खड़े लोगों के बीच अक्सर विवाद हो रहा है। मामूली बातों को लेकर लोगों में मारपीट तक के मामले सामने आ चुके हैं। भीड़ इस कदर उमड़ रही है कि बाइक तक ले जाने के लिए जगह नहीं बच रही है। मंगलवार को मुख्यालय स्थित इंडियन पेट्रोल पंप पर रात से ही लाइन लगी रही। वहीं आगे बढ़ने पर चौपरिया स्थित इंडियन पेट्रोल पंप में भी ठठाठस भीड़ थी। जितने लोग नहीं उतने गैलन दिख रहे थे। पूछने पर पंप संचालक हेमंत गुप्ता ने बताया कि सुबह करीब सात बजे से ही तेल का वितरण किया जा रहा है, लेकिन करीब साढ़े तीन बजे डीजल पेट्रोल खत्म होने के बाद लोगों की लाइन खत्म हुई। उन्होंने बताया कि 10 हजार लीटर डीजल और पांच हजार लीटर पेट्रोल आया था। पंपों की हालत यह है कि व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मी लगाने पड़ रहे हैं। पूछने पर जिम्मेदार पर्याप्त मात्रा में डीजल-पेट्रोल उपलब्ध होने का दावा कर रहे हैं।
फोटो..
दो दिन बाद पंपों पर तेल आते ही उमड़ी लोगों की भीड़
-पेट्रोल पंपों के आए दिन सूखा रहने से बढ़ती जा रही समस्या, कोई पूछनहार नहीं
नौतनवा। क्षेत्र में अक्सर पेट्रोल पंपों के ड्राई होने के मामले सामने आ रहे हैं। विगत एक सप्ताह में मात्र एक से दो दिन हो पा रही तेल की आपूर्ति ने अब लोगों की समस्या बढ़ा दी है। मंगलवार को दो दिनों बाद पंपों पर पेट्रोल पहुंचने की सूचना मिलते ही एकाएक लोगों की भीड़ दौड़ पड़ी। देर शाम तक पेट्रोल लेने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ा रहा। गत दो दिनों पूर्व नौतनवा क्षेत्र के अधिकांश पंपों पर पेट्रोल समाप्त हो गया था। इससे वहां पहुंचने वाले लोगों को निराश लौटना पड़ा और पूरे दिन पंप पर सन्नाटा पसरा रहा। पंप स्वामियों का कहना है कि खपत के सापेक्ष पर्याप्त मात्रा में ऊपर से ही तेल की आपूर्ति न मिल पाने के कारण पंप ड्राई हो जा रहे हैं। संवाद
वर्जन
डीजल-पेट्रोल की समस्या नहीं है। रोजाना पर्याप्त मात्रा में डीजल-पेट्रोल आ रहा है। लोग जरूरत के अनुसार तेल लेंगे तो कोई दिक्कत नहीं होगी।
-एपी सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी