अधिकारियों ने बघेला नाला के समीप बसे रेहरा, बेलभार और विषखोप के किसानों को दिया आश्वासन
परसामलिक। उपजिलाधिकारी नौतनवा कुणाल तथा तहसीलदार कर्ण सिंह ने बुधवार को बघेला नाला की बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जाकर मौका मुआयना किया। इस दौरान अधिकारियों ने किसानों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
नौतनवा ब्लॉक के रेहरा, बेलभार तथा विषखोप गांव के सीवान में उपजिलाधिकारी नौतनवा कुणाल तथा तहसीलदार कर्ण सिंह पहुंचे और बाढ़ प्रभावित धान की फसल का जायजा लिया। साथ ही प्रभावित किसानों के बारे में भी जानकारी हासिल की। इस दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बच्चूसिंह, नंदलाल ,पानमती, हरिश्चंद्र, जनार्दन यादव, लक्ष्मी शंकर ने बताया कि पिछले साल भी इसी तरह बघेला नाला में आई बाढ़ से यहां के किसानों को काफी नुकसान हुआ मगर शासन से कोई मुआवजा नहीं मिला।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी नौतनवा कुणाल ने बताया कि बाढ़ प्रभावित गांवों के सीवान में जाकर सर्वे किया गया है। नुकसान का आकलन करवाकर प्रभावित किसानों को हर संभव मदद की जाएगी।