महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना, मातृ–शिशु मृत्यु दर, टीकाकरण में गर्भवती महिलाओं के वजन, हेमोग्लोबिन, अल्ट्रासाउंड, टीकाकरण, एएनसी जांच, वीएचएसएनडी, एनसीडी, आयुष्मान कार्ड, क्षय रोग उन्मूलन, एड्स आदि कार्यक्रमों की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने टीकाकरण के प्रगति की समीक्षा करते हुए टीकाकरण के संदर्भ में बैकलॉग को समाप्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने पूर्ण टीकाकरण में 70 प्रतिशत से कम प्रगति वाले उपकेंद्रों की एएनएम का इंक्रीमेंट रोकने सहित कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। साथ ही टीकाकरण में 80 प्रतिशत से कम प्रगति वाली एएनएम को चेतावनी जारी करने के लिए कहा।
जीरो डोजर बच्चों की सर्वाधिक संख्या को लेकर बीपीएम रतनपुर को भी नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि टीकाकरण बेहद अहम कार्यक्रम है और शत-प्रतिशत बच्चों का टीकाकारण सुनिश्चित होना चाहिए। साथ ही पनियरा में चिकित्सीय सेवाओं की उपलब्धता में शिथिलता को लेकर एमवाईसी के प्रति नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण हेतु सीएमओ को पत्र जारी करने का निर्देश दिया।
संस्थागत प्रसव की समीक्षा के दौरान फरेंदा, बृजमनगंज, निचलौल, नौतनवा, घुघली में संस्थागत प्रसव कम होने पर नाराजगी व्यक्त की। आयुष्मान कार्ड की समीक्षा में कहा कि जिन व्यक्तियों की मृत्यु हो गई है सर्वे कर उनके स्थान पर अन्य पात्र को कार्ड जारी किया जाए।