- आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण के विरोध में चल रहा था धरना
फरेंदा। लुंबिनी संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आनंदनगर परिसर में हो रहे आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण के विरोध में चल रहा धरना प्रदर्शन ईओ और नगर पंचायत अध्यक्ष के आश्वासन के बाद समाप्त कर दिया गया। पूर्व प्रधानाचार्य ने मांग पत्र भी एसडीएम और ईओ को दिया है।
आनंदनगर नगर पंचायत के वार्ड नंबर 14 सुभाषनगर में संस्कृत विद्यालय परिसर में नगर पंचायत द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण कराया जा रहा है। जिसके विरोध में पूर्व प्रधानाचार्य भगवानदत्त पांडेय के साथ कई अन्य लोग परिसर में धरना दे रहे थे। उनकी मांग थी कि आंगनबाड़ी केंद्र कहीं अन्य जगह पर बनवाया जाए। संस्कृत विद्यालय का परिसर छोटा है, बिना प्रबंध समिति के अनुमति के निर्माण कार्य उचित नहीं है। जिसके विरोध में चार दिनों धरना चल रहा है।
बुधवार को नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश जायसवाल, ईओ अनुज कुमार और तहसीलदार व राजस्व निरीक्षक धरना स्थल पर पहुंच कर मनाने में जुट गए। पूर्व प्रधानाचार्य के मांग को पूरा करने के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।