शुक्रवार की शाम कस्बे में एक घर में हुई छापेमारी में बरामद हुई थी सैकड़ों जोड़ी जूते और चप्पलों की खेप
सीओ, नायब तहसीलदार एवं थानाध्यक्ष के नेतृत्व में संयुक्त फोर्स ने की थी कार्रवाई
नौतनवा। स्थानीय कस्बे के उस्मान नगर वार्ड स्थित एक घर से शुक्रवार की शाम बरामद हुए जूते और चप्पलों की खेप को पुलिस ने शनिवार को कस्टम कार्यालय नौतनवा के हवाले कर दिया। बरामद जूते-चप्पलों की कीमत 13 लाख रुपये बताई जा रही है।
गौरतलब है कि स्थानीय प्रशासन को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कस्बे के उस्मान नगर वार्ड स्थित एक घर में कपड़ा व जूता-चप्पल आदि कुछ सामान डंप कर रखा गया है। शुक्रवार की शाम सीओ बसंत सिंह और नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कस्बे के उस्मान नगर वार्ड स्थित एक घर में छापेमारी की थी।
इस दौरान 18 गट्ठरों में रखे गए सैकड़ों जोड़ी जूते और चप्पल की खेप बरामद हुई थी। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह का कहना है कि बरामद कुल 17 गट्ठर जूते और चप्पलों की खेप को आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा को सुपुर्द कर दिया गया।
पहले भी पकड़े जा चुके हैं मामले
सीमावर्ती इलाकों में बड़े पैमाने पर जूते-चप्पल पकड़े जाने का यह पहला मामला नहीं है। पहले भी कई मामले सामने आ चुके हैं। पांच जुलाई को भारतीय सीमा क्षेत्र से 140 जूते और बाजरा का सीड्स नेपाल ले जा रहे दो तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। दोनों के पास से तीन गत्तों में 140 जोड़ा जूते और एक बाइक बरामद हुई थी। पुलिस ने सामान और जूतों को निचलौल कस्टम कार्यालय को सौंप दिया था। 19 जून को भारतीय सीमा क्षेत्र से भारी मात्रा में जूतों की तस्करी कर नेपाल ले जाते समय ठूठीबारी कोतवाली पुलिस ने एक तस्कर को पकड़ा था। आरोपी के पास से 20 गत्तों में बरामद 679 जूते बरामद किए गए थे। बरामद जूतों की कीमत दो लाख रुपये बताई गई थी।