निचलौल। शहर से परागपुर गांव होते हुए डिगही ईटहिया तक जाने वाली करीब 10 किलोमीटर लंबी सड़क की गिट्टियां उखड़ चुकी हैं। इससे राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वही लोगों इस समस्या से निजात पाने के लिए जिलास्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत भी कर चुके हैं, लेकिन संबंधित विभाग के जिम्मेदारों की मनमानी के चलते उनकी समस्या अभी तक जस की तस बनी हुई है।
सड़क से सटे परागपुर निवासी नवीन मिश्रा, बृजेश मिश्रा, रामहर्ष, रामवृक्ष, दयाशंकर, अरविंद मिश्रा आदि लोगों ने कहा की यह सड़क निचलौल शहर से डिगही पंचमुखी शिवधाम ईटहिया तक जाती है। इस सड़क से हर रोज छीतौना, गदइला, बढ़ेपुरवा, मेघौली, परागपुर, बेलवाडीह, पिपरपाती, पकड़ीहवा, कुवारीसती, हरगांव सहित कई अन्य गांवों के लोग गुजरते हैं।
सड़क की गिट्टियां उखड़ने के चलते करीब 50 हजार के आबादी प्रभावित हो रही है। क्योंकि इन दिनों इस सड़क से गुजरने में राहगीरों के साथ ही स्कूली बच्चों के लिए मुसीबत बन गया है। एसडीएम शैलेंद्र गौतम ने कहा की शिकायत मिली थी। लोगों की समस्याओं को जल्द निस्तारण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को पत्र भेजा गया है।