आपरेशन सिंदूर के तहत बना सिसवा का दुर्गा पंडाल।
सिसवा बाजार। शारदीय नवरात्र के शुरू हो चुके हैं। नवरात्र के दौरान दुर्गा प्रतिमा स्थापित करने के लिए पूजा समितियों के पदाधिकारी आकर्षक पंडाल तैयार कर रहे हैं। श्री बाल दुर्गा पूजा सेवा समिति दूरभाष केंद्र की ओर से इस वर्ष ऑपरेशन सिंदूर से प्रेरित होकर मां दुर्गा के पंडाल को तैयार किया है। पंडाल में राफेल जहाज, रॉकेट लॉन्चर जैसी आकृतियों को दर्शाया गया है। क्षेत्र में इस पंडाल की चर्चा हो रही है।
श्री बाल दुर्गा पूजा सेवा समिति की ओर से सिसवा रेलवे स्टेशन रोड पर निर्मित मां भगवती के पंडाल के बीच श्रीलक्ष्मी-गणेश सहित शक्ति स्वरूपों की भव्य प्रतिमाओं को स्थापित किया गया है। दूसरे तल पर श्रद्धालु प्राकृतिक दृश्यों के बीच श्रीराधा कृष्ण की रासलीला का दर्शन करेंगे। गुफा से होते हुए निकास द्वार पर पहलगाम हमले में जान गंवाने वालों का मार्मिक चित्रण कर दर्शकों को जोड़ने का प्रयास किया गया है। समिति के अध्यक्ष गंगासागर जायसवाल एवं संरक्षक लवकुश विश्वास ने बताया कि 1995 में स्थापित इस समिति की ओर से इस वर्ष का पंडाल ऑपरेशन सिंदूर को समर्पित किया गया है। पंडाल निर्माता राकेश प्रजापति ने बताया कि दो माह से पंडाल तैयार किया जा रहा है।