जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर पंच सम्मेलन आयोजित
वीबीजी रामजी योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को वर्ष में 125 दिन मिलेगा काम
महराजगंज। वीबीजी रामजी योजना का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को वर्ष में 125 दिनों की अकुशल मजदूरी व रोजगार की वैधानिक गारंटी देने के साथ गांवों मजदूरों का पलायन रोकना है। इससे ग्रामीण क्षेत्र में समग्र विकास होगा। सोमवार को जिले के निचलौल, घुघली, परसामलिक, फरेंदा, लक्ष्मीपुर, नौतनवा और मिठौरा में आयोजित पंच सम्मेलनों में वक्ताओंं ने ये बातें कहीं।
परसामलिक प्रतिनिधि के अनुसार नौतनवा ब्लॉक के रतनपुर सभागार में आयोजित पंच सम्मेलन को संबोधित करे हुए मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि वीबीजी राम जी अधिनियम 2025 के पंच सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य बताते हुए कहा कि ग्रामीण परिवारों को वर्ष में 125 दिनों की अकुशल मजदूरी व रोजगार की वैधानिक गारंटी देना और गांव में टिकाऊ परिसम्पतियों का निर्माण कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है। कार्यक्रम का नेतृत्व खंड विकास अधिकारी अमित कुमार मिश्र ने किया।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि सरकार इस अधिनियम के तहत ग्रामीण परिवारों को वर्ष में 125 दिनों की मजदूरी 300 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से देगी। मजदूरों को एक सप्ताह में ही उनकी मजदूरी का भुगतान कर दिया जाएगा। इस मौके पर नौतनवा ब्लॉक प्रमुख राकेश कुमार मद्धेशिया, भाजपा के जिला महामंत्री प्रदीप सिंह, प्रदीप पाण्डेय, एपीओ शशिकांत, एडीओ पंचायत रामकृष्ण प्रसाद, ग्राम पंचायत सचिव संजय पाण्डेय, परमेश्वर दूबे, पुष्पेन्द्र राय, शोएब आदि मौजूद रहे।
निचलौल प्रतिनिधि के अनुसार
विकासखंड सभागार में आयोजित पंच सम्मेलन में मुख्य अतिथि सिसवा विधायक प्रेमसागर पटेल ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख रमाशंकर गौतम ने भी ग्रामीण विकास में पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी संतोष यादव ने की। संचालन अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी शिवेंद्र प्रताप सूर्यवंशी ने किया। इस अवसर पर एडीओ पंचायत गुड्डू प्रसाद, प्रधान अखिलेश यादव, अब्दुल्ला, अलहाक अंसारी समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
फरेंदा प्रतिनिधि के अनुसार ब्लॉक सभागार में आयोजित पंच सम्मेलन योजना के संबंधित जानकारी दी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लाॅक प्रमुख प्रतिनिधि रामप्रकाश सिंह ने कहा कि वीबीजी रामजी योजना ग्रामीण क्षेत्र के मजदूरों के पलायन को रोकने में मददगार साबित हो रहा है। जब गांव में ही रोजगार मिलेगा तो पलायन रुकेगा। इस मौके पर झिनकू चौधरी, एपीओ आकाश चौरसिया,रामप्रताप यादव, घनश्याम सिंह, नीरज जायसवाल आदि मौजूद रहे।
मिठौरा प्रतिनिधि के अनुसार ब्लॉक सभागार में आयोजित सम्मेलन में योजना के उद्देश्यों, प्रावधानों और ग्रामीणों को मिलने वाले संभावित लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। सम्मेलन में खंड विकास अधिकारी राहुल सागर, एपीओ ग्रिजेंद्र पटेल, सेक्रेटरी अमरेंद्र राज यादव, आशुतोष मौर्या, जय हिन्द शर्मा आदि मौजूद रहे।
खुशहालनगर प्रतिनिधि के अनुसार घुघली ब्लॉक सभागार में आयोजित पंच सम्मेलन में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ओमप्रकाश जायसवाल ने कहा कि गांवों के समग्र विकास और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में जी-राम जी योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इस मौके पर एडीओ कोआपरेटिव कमलेश शाही, एडीओ पंचायत विनय पाण्डेय, एपीओ अंकित श्रीवास्तव, बीके सिंह, प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राजाराम गुप्ता, प्रधान चतुर्भुजा सिंह, रत्नावती पाण्डेय आदि मौजूद रहे।
लक्ष्मीपुर प्रतिनिधि के अनुसार ब्लॉक सभागार आयोजित पंच सम्मेलन के मुख्य अतिथि के रूप में नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण विकास, पंचायतों की भूमिका और केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की गई। इस अवसर पर राजेश यादव, हरिकेश पाठक, सीपी मिश्रा, राजेश पाण्डेय, दुर्गा शुक्ला, बलिराज यादव आदि उपस्थित रहे।
बेहतर कार्य करने वालों का हुआ सम्मान
महराजगंज। सोमवार को ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख वेद प्रकाश शुक्ला की अध्यक्षता में वीबीजी रामजी योजना के तहत पंच सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें मनरेगा में बेहतर कार्य करने वाले ग्राम प्रधान, महिला मेट और तकनीकी सहायकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राजमंदिर, मोहद्दीनपुर, गेहुअना, रजौड़ा पंजुम, नेवासपोखर, कनैला, मौलागंज, इलाहाबाद आदि गांवों के ग्राम प्रधान, रोजगार सेवक, महिला मेट व तकनीकी सहायकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक के अधिकारी, कर्मचारी और ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।