मौसम की मार से चेहरे पर पड़ रहे चकत्ते व खुजली की समस्या की भी बढ़ी
गर्मी के मौसम में पसीना ज्यादा आने, धूल-मिट्टी और नमी के कारण फैल रहा फंगस
महराजगंज। बदलते मौसम और बढ़ती गर्मी के कारण जिले में त्वचा रोगों के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी देखी जा रही है। इन दिनों फंगल इन्फेक्शन, चेहरे पर चकत्ते पड़ना, शरीर में खुजली जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। गर्मी के मौसम में पसीना ज्यादा आने, धूल-मिट्टी और नमी के कारण फंगस तेजी से फैल रहा है, जिससे लोग परेशान हैं।
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि धूप और गर्म हवाओं का सीधा असर लोगों की त्वचा पर पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि मौसम में नमी और तापमान बढ़ने से फंगल संक्रमण को बढ़ावा मिल रहा है। खासकर जो लोग खेतों में काम करते हैं या दिन में ज्यादा बाहर निकलते हैं, उनमें ये समस्याएं ज्यादा देखी जा रही हैं। चेहरे पर लाल चकत्ते, खुजली और दाने जैसी शिकायतें रोजाना बढ़ रही हैं। पिछले सप्ताह इस तरह के मरीजों की संख्या 20 से 25 थी लेकिन अब इनकी संख्या बढ़कर 40 से 50 हो चुकी है।
डॉ. वैभव श्रीवास्तव ने सलाह दी कि बाहर निकलते समय सिर और चेहरे को ढकने के लिए गमछा या स्कार्फ का इस्तेमाल जरूर करें। साथ ही, खुले शरीर के हिस्सों पर अच्छी क्वालिटी का सनस्क्रीन लगाएं। उन्होंने कहा कि पसीना आने पर तुरंत साफ कपड़े से पोंछ लें और नमी वाली जगहों को सूखा रखें। अगर खुजली या चकत्ते हों तो खुद दवा न लें, बल्कि डॉक्टर से सलाह लेकर एंटी-फंगल क्रीम या दवा का उपयोग करें।
डॉक्टरों का कहना है कि साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। नहाने के बाद शरीर को अच्छी तरह सुखाएं, ढीले और सूती कपड़े पहनें। ज्यादा मीठा और तला-भुना भोजन कम करें क्योंकि ये फंगस को बढ़ावा दे सकता है।