परतावल। श्यामदेउरवा के महम्मदा मार्ग पर आबादी के बीच कूड़े का अंबार लगा हुआ है। नियमित सफाई नहीं होने से सड़क किनारे गंदगी बढ़ती जा रही है। दुकानदारों और स्थानीय लोगों की ओर से खुले में कूड़ा फेंके जाने से समस्या गंभीर हो गई है। कूड़े से उठ रही दुर्गंध और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से लोगों का जीना मुहाल है।
कूड़े के ढेर से आसपास बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। वहीं, मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों, दुकानदारों और स्कूली बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण यहां लगातार कूड़ा जमा हो रहा है। इससे आसपास का वातावरण भी दूषित हो रहा है।
ग्रामीण राजकुमार सिंह, रामसजन प्रसाद, सुरेंद्र चौहान, ओमकार, श्याम यादव और उमेश राना ने बताया कि आबादी के बीच कूड़ा जमा होने से दुर्गंध फैल रही है। मच्छरों और मक्खियों का प्रकोप भी बढ़ गया है। कई बार जिम्मेदारों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने जल्द कूड़ा हटवाने और नियमित सफाई कराने की मांग की है।
खंड विकास अधिकारी परतावल कृष्णकांत शुक्ल ने बताया कि कूड़े का ढेर हटवाने के लिए एडीओ पंचायत को निर्देशित किया गया है। नियमित सफाई कराने और खुले में कूड़ा फेंकने पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।