महराजगंज। धर्म परिवर्तन कराने के लिए प्रार्थना सभा का आयोजन करने वाले मुख्य सरगना सुग्रीव को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कई दिन से वह फरार चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, आरोपी 20 साल से भोले-भाले लोगों को बहला-फुसलाकर और आर्थिक प्रलोभन देकर उनका धर्म परिवर्तन कराने में जुटा था। बीते रविवार को हिंदू संगठनों ने पुलिस को इस मामले की सूचना दी थी, जिसके बाद पुलिस ने प्रार्थना सभा में पहुंचकर वहां से नौ लोगों को गिरफ्तार किया था। बजरंग दल के जिला संयोजक बलराम गुप्ता की तहरीर पर पुलिस दो महिलाओं समेत 10 नामजद लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच कर रही थी।
मुख्य सरगना सुग्रीव फरार चल रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि सुग्रीव के खिलाफ इसके पहले भी एक केस दर्ज है। उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी एक संगठित गिरोह के साथ मिलकर धर्म परिवर्तन कराने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करता है। रविवार को हुई कार्रवाई के दौरान उसके सभा स्थल से कई संदिग्ध पुस्तकें भी बरामद की गई थीं।
मामले की विवेचना कर रहे उप निरीक्षक राजेश सिंह के अनुसार, आरोपी के खिलाफ धर्मांतरण विरोधी कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।