परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के परतावल बाजार स्थित एक मंदिर में शनिवार को प्रेमी-युगल ने शादी रचाई। शादी के बाद दोनों माला पहनकर नगर वार्ड में घूमने लगे, जिसे देखकर लोगों की भीड़ जुट गई। किसी ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही श्यामदेउरवां थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और प्रेमी युगल को अपने साथ पुलिस चौकी ले गई। यहां दोनों ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई।
पूछताछ में जब चौकी प्रभारी जटाशंकर ने युवती का आधार कार्ड देखा तो वह नाबालिग निकली। इसके बाद पुलिस ने युवती के परिजनों को चौकी बुलाया। युवती गोरखपुर जनपद के पिपराइच थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है, जबकि युवक महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल के एक वार्ड का निवासी है।
चौकी प्रभारी जटाशंकर ने बताया कि मंदिर में शादी कर युगल द्वारा माला पहनकर बाजार में घूमने की सूचना पर कार्रवाई की गई। प्राथमिक जांच में नाबालिग प्रतीत हो रही है। परिजनों को बुलाकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि यदि किसी पक्ष से तहरीर मिलती है तो विधिक कार्रवाई की जाएगी। पूछताछ में प्रेमी युगल ने बताया कि वह दोनों पिछले दो साल से प्रेम करते थे। प्रेमिका के परिजन शादी के लिए तैयार नहीं थे। जानकारी होने के बाद वह प्रेमिका को प्रताड़ित करने लगे। इसके बाद वह अपना घर छोड़कर प्रेमी के घर आ पहुंचीं। शनिवार को दोनों ने मंदिर में शादी रचा ली। संवाद