निचलौल। शहर स्थित भारत गैस एजेंसी पर घरेलू गैस की धांधली करने के मामले में मंगलवार को गठित जांच टीम ने मौके पर जांच की। सोमवार को पूर्ति निरीक्षक इंद्रभान सिंह की तहरीर पर भारत गैस एजेंसी निचलौल के प्रोपराइटर के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। मंगलवार को गैस एजेंसी पहुंची टीम ने कई बिंदुओं पर जांच-पड़ताल कर जिम्मेदारों से पूछताछ की।
जानकारी के अनुसार, आठ अप्रैल को घरेलू गैस न मिलने के चलते कुछ उपभोक्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया था। मामले में एसडीएम ने उन्हें जांच करने का निर्देश दिया था। मौके पर जांच करने पहुंचे तो गैस एजेंसी बंद मिली। जबकि मौके पर मौजूद उपभोक्ता और उनके परिजनों ने कहा कि गैस एजेंसी का कार्यालय अक्सर बंद ही रहता है। जांच टीम का नेतृत्व कर रहे पूर्ति निरीक्षक इंद्रभान सिंह ने बताया कि शहर स्थित भारत गैस एजेंसी के जिम्मेदारों की ओर से उपभोक्ताओं को समय से गैस वितरण नहीं किया जा रहा था। ऐसे में उपभोक्ताओं के हंगामा के बाद जांच के बाद कार्रवाई की गई है। गैस एजेंसी के टीम भी मामले में जिम्मेदारों से पूछताछ कर जांच-पड़ताल करने में जुटी हुई है। संवाद