अमृत सरोवर परिसर में गेट गिरने से शनिवार को हुई थी खेल रहे बालक की मौत
खनुआ। शेख फरेंदा गांव में शनिवार को अमृत सरोवर परिसर में गेट गिरने से बालक की मौत मामले की तीन सदस्यीय टीम ने मंगलवार को जांच की। घटनास्थल पर पहुंची टीम ने पीड़ित के घर और उसके पड़ोसियों से मिलकर जानकारी जुटाई। साथ ही गेट निर्माण में प्रयुक्त ईंट, सीमेंट मिश्रित बालू के नमूने और कागजात साथ लिए।
जानकारी के अनुसार, शेख फरेंदा गांव में अमृत सरोवर का वर्ष 2024-25 में सुंदरीकरण करवाकर गेट लगवाया गया था। शनिवार को गेट के गिरने से विक्की यादव नामक बालक की खेलने के दौरान मौत हो गई थी। घटना का संज्ञान लेकर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने जांच टीम गठित करके तीन के अंदर जांच रिपोर्ट देने का आदेश दिया है। टीम ने जांच के दौरान ग्राम प्रधान का भी पक्ष लिया है।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की ओर गठित टीम में उपजिलाधिकारी नौतनवा नवीन प्रसाद, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा और ग्रामीण अभियंता प्रवीन भारती शामिल थे।
उपजिलाधिकारी नौतनवा नवीन प्रसाद ने बताया कि गेट निर्माण में प्रयुक्त ईंट, सीमेंट मिश्रित बालू का नमूना लिया गया है। टीम इसकी जांच के बाद रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेगी। इस दौरान नायब तहसीलदार नौतनवा सौरभ श्रीवास्तव, ग्राम विकास अधिकारी दिनेश पासवान इत्यादि उपस्थित रहे।