कमजोर हवा की रफ़्तार से नहीं हुई लू की दुश्वारी
महराजगंज। तराई में मंगवार की धुंधली धूप ने लोगों को उमस भरी गर्मी का एहसास कराया। सुबह सूर्योदय के समय धूप चटख खिली लेकिन बादलों की आवाजाही के बीच यह धुंध का रूप इख्तियार करती गई। इससे धूप की तपिश तो नहीं रही लेकिन उमस वाली चिपचिपी गर्मी ने लोगों को परेशान किया।
मानसूनी सीजन में तराई में धूल का गुबार लू ने गर्म हवा के थपेड़ों का एहसास सोमवार दोपहर तक कराया। दोपहर बाद बादलों की आवाजाही के बाद बूंदाबांदी से शाम के समय मौसम खुशनुमा तो हुआ, लेकिन दूसरे दिन की सुबह तेज धूप व लगभग आठ किमी प्रति घंटा की रफ्तार के साथ हुई। गनीमत बस यह रही कि सुबह 11 बजे के बादलों की आवाजाही ने धूप की तपिश को कमजोर किया। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल हो चुकी है। जल्द ही मानसून पूर्वी यूपी में दस्तक देगा।