परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र में दहेज प्रथा की काली छाया एक बार फिर सामने आई है। परतावल क्षेत्र के एक गांव में ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता को अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर घर से निकाल दिया।
पीड़िता के अनुसार, विवाह के समय सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया गया था लेकिन इसके बावजूद ससुराल वाले लगातार बाइक की मांग कर रहे हैं। जब मायके पक्ष उनकी मांग पूरी नहीं कर सका, तो विवाहिता को आए दिन मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। अंत में ससुरालियों ने मारपीट कर विवाहिता को घर से बाहर निकाल दिया।
किसी तरह पीड़िता मायके पहुंची और घटना की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा कमासिन खुर्द निवासी प्रताप नारायण शर्मा ने अपनी पुत्री चांदनी शर्मा की शादी श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के धरमौली निवासी हरिकेश शर्मा के साथ तीन वर्ष पहले की था। उन्होंने बताया कि शादी के समय अपने हैसियत के अनुसार उपहार देकर विदा किया था। शादी के छह माह बाद से ही पति हरिकेश, सास गुड्डी देवी, ससुर प्रेमसागर, राजेन्द्र, अभिषेक आदि अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मारने पिटने लगे।
मई में ननद की शादी में एक लाख रुपया दिया भी गया था। बीते 28 अगस्त को सभी लोग मिलकर मार पिटकर घर से निकाल दिए हैं। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि पीड़ित विवाहिता चांदनी शर्मा की तहरीर पर पति हरिकेश शर्मा, सास गुड्डी देवी, ससुर प्रेम सागर, राजेन्द्र व अभिषेक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।