परतावल। धनहा नायक स्थित एक निजी विद्यालय के छात्रों से भरी मैजिक की गिट्टी लदे ट्रेलर से बृहस्पतिवार को भिड़ंत हो गई। हादसे में मैजिक क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन में सवार छात्र और अध्यापिका बदहवास हो गए। वे जोर-जोर से चिल्लाने लगे। हालांकि, विद्यालय प्रबंधन के अनुसार हादसे में किसी भी छात्र को चोट नहीं आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह लगभग 7:30 बजे बगहिया टोले के समीप परतावल से धनहा नायक की तरफ छात्रों को लेकर जा रही मैजिक की पिपराइच से परतावल की तरफ आ रहे गिट्टी लदे ट्रेलर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मैजिक के शीशे टूटकर सड़क पर बिखर गए। हादसे के बाद मैजिक में सवार छात्र और अध्यापिका घबरा गए।
इस बीच ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से भाग गया। घटना के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बनी रही। इस मामले में परिजन भी कुछ भी बोलने से इन्कार कर रहे हैं।