महराजगंज। लोग भीषण गर्मी से बेहाल है। वहीं बिजली भी रुला रही है। आलम यह है कि पांच से छह घंटे बिजली कटौती हो रही है। इससे लोग बिलबिला उठ रहे हैं। रविवार को सुबह 10 बजे गुल हुई बिजली शाम को 3.30 बजे बहाल हो सकी। इससे बाद लोगों को थोड़ी राहत मिली।
रविवार को अवकाश का दिन मुख्यालयवासियों के लिए सजा से कम नहीं रहा। तल्ख धूप सुबह 6 बजे से ही जहां असर दिखाने लगी वहीं 10 बजे के बाद बिजली भी अचानक गुल हो गई। कुछ घंटा तो लोगों ने किसी तरह गुजारा, लेकिन जब स्थिति बर्दाश्त से बाहर हो गई तो बिजली कर्मियों को लोग फोन लगाने लगे, लेकिन जितने कर्मी उतने जवाब मिले।
अधीक्षण अभियंता ने जहां फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा वहीं अधिशासी अभियंता ने विकास भवन के पास पेड़ गिरने की बात कहते रहे तो अभियंता सदर ब्लाॅक के सामने तार टूटकर गिरना बताते रहे। गर्मी का सामना लोगों को दोपहर दो बजे तक करना पड़ा इसके बाद बादल छाने व हवा चलने के बाद लोगों को थोड़ी राहत मिली। साढ़े पांच घंटे की लंबी कटौती के बाद बिजली 3:30 बजे बहाल हो सकी।
फरेंदा रोड स्थित सदर ब्लाॅक के पास तार टूटकर गिरने से आपूर्ति बाधित रही। तार टूटने की सूचना मिलते ही कर्मियों को लगाया गया, लेकिन इसे बदलने में समय अधिक लगा, जिससे लोगों को असुविधा हुई।
-संतोष पांडेय, अवर अभियंता मुख्यालय