शासन स्तर से जांच शुरू, विशेष सचिव स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन ने जारी किया पत्र
एडीएम की जांच में हुई आरोपों की पुष्टि के बाद डीएम ने कार्रवाई हेतु शासन को लिखा था पत्र
दोनो पक्षों को 30 मार्च को शाम 4 बजे लखनऊ कार्यालय में बुलाया गया
नौतनवा। अधिवक्ता नागेंद्र प्रसाद शुक्ला की ओर से उपनिबंधक पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने एवं आए दिन अधिवक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार किए जाने के आरोपों की शिकायत का शासन स्तर से संज्ञान ले लिया गया है। विशेष सचिव स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन उत्तर प्रदेश ने मामले में दोनों पक्षों को पत्र जारी कर साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए कहा है।
विशेष सचिव स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन उत्तर प्रदेश सुधीर कुमार ने पत्र जारी कर आगामी 30 मार्च को शाम 4 बजे उपनिबंधक संदीप कुमार गौड़ को समुचित साक्ष्यों एवं दस्तावेजों के साथ लखनऊ कार्यालय पर तलब किया है। वहीं शिकायतकर्ता नागेंद्र शुक्ला को भी नोटिस देकर साक्ष्य व शपथ पत्र के साथ कार्यालय पहुंचने को कहा गया है। शासन से मिले पत्रों को जिले के सहायक महानिरीक्षक निबंधन आलोक शुक्ला ने दोनों पक्षों को उपलब्ध करा दिया है। शासन की दखल के बाद अब उपनिबंधक की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं।
बता दें कि अधिवक्ता नागेंद्र प्रसाद शुक्ला उपनिबंधक पर जनता का उत्पीड़न कर भ्रष्टाचार में लिप्त होने एवं अधिवक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए विगत कई महीनों से नौतनवा तहसील परिसर में ही धरना दे रहे हैं। जांच एवं कार्रवाई के लिए उन्होंने जिले से लगाए शासन स्तर तक पत्राचार भी किया था। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने भी एडीएम से मामले की जांच कराने और जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद उपनिबंधक के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा था।
सहायक महानिरीक्षक निबंधन आलोक शुक्ला ने बताया कि प्रकरण की शासन स्तर से जांच शुरू हो गई है। विशेष सचिव स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन उत्तर प्रदेश शासन सुधीर कुमार के निर्देशानुसार 30 मार्च को लखनऊ कार्यालय पहुंचने के लिए भेजे गए पत्र को दोनों पक्षों को उपलब्ध करा दिया गया है। बयान एवं जांच के बाद शासन स्तर से ही विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।