आनंद व राजन के रोते बिलखते परिजन।
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के सेमरा चंद्रौली गांव के पास शुक्रवार की देर रात हुए सड़क हादसे में मृत दोनों चचेरे भाइयों का शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। परिजनों के चित्कार से माहौल गमगीन हो गया। शनिवार को लम्हुआघाट पर एक साथ दो चचेरों भाइयों की चिता जलीं तो सबकी आंखें नम हो गईं। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के सेमरा चंदौली गांव के पास शुक्रवार रात करीब 11 बजे दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर में नगर पंचायत परतावल के महंत अवेद्यनाथ नगर वार्ड निवासी चचेरे भाई राजन (22) और आनंद (24) समेत तीन युवकों की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार को राजन चौहान के घर कथा का कार्यक्रम था।
शाम को भोजन के समय काफी संख्या में रिश्तेदार भी आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद राजन के फूफा की बाइक घर के बाहर खड़ी थी। उसने अपने फूफा से कहा की चाभी दीजिए बाइक दूसरे वाले घर में रख दे रहा हूं। फूफा ने चाभी दे दी। इसके बाद राजन अपने चचेरे भाई आनंद को बाइक पर बैठाया और घूमने चला गया।
देर रात महराजगंज से परतावल की तरफ से वापस आते समय सेमरा चंद्रौली के पास सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में राजन और आनंद की मौत हो गई।