सन्नी के साथ मदनपुरा में संचालित एक प्लांट में करता था काम
निचलौल। मंगलवार की रात करीब साढ़े आठ बजे निचलौल थानाक्षेत्र के दमकी गांव के सामने निचलौल-गोरखपुर हाईवे पर चार बाइकसवारों की मौत हो गई थी।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात में तीन मृतकों की पहचान निचलौल थानाक्षेत्र के पचमा गांव के केवटानी टोला निवासी सन्नी, विवेक व किशन के रूप में हुई थी। लेकिन चौथे मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। बुधवार को पुलिसिया पड़ताल में चौथे मृतक की पहचान रिकेश (16) निवासी मिर्जापुर जिला के रूप में हुई है। इसके शव को महराजगंज पोस्टमार्टम में रखा गया है। पुलिस रिकेश के परिजन के आने का इंतजार कर रही है ताकि शव का पोस्टमार्टम कराया जा सके।
प्लांट में नाबालिग से कराया जा रहा काम, अब होगी जांच
हादसे में मरा रिकेश अपने साथी सन्नी के साथ मदनपुरा में संचालित एक प्लांट में काम करता था। निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग गोरखपुर-फरेंदा (730) में यह प्लांट सड़क निर्माण संबंधी काम करती है। सन्नी और रिकेश दोनों इसी प्लांट में मजदूरी करते थे।
घटना के बाद ये सवाल उठने लगा है कि जब मृतक रिकेश की उम्र 16 साल है और वह नाबालिग है तो उससे प्लांट में काम कैसे कराया जाता रहा। उम्मीद जताई जा रही है कि पुलिस जल्दी ही मामले की जांच शुरू कर देगी। इस बाबत सीओ रविंद्र कुमार सिंह ने कहा कि वे इसकी जांच कराएंगे कि नाबालिग होने के बावजूद रिकेश से प्लांट में किस आधार पर काम कराया जा रहा था। जांच में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।