15वें वित्त आयोग से कराया जा रहा निर्माण
सितंबर माह के पहले सप्ताह तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य
महराजगंज। नगर पालिका परिषद की ओर से नगर के चार वार्डों में सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। इन शौचालयों के निर्माण पर कुल 50 लाख रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की जाएगी। सितंबर माह के पहले सप्ताह तक निर्माण कार्य पूरा कर शौचालयों का शुभारंभ करने की तैयारी है।
जानकारी के अनुसार, नगर में सार्वजनिक शौचालयों की कमी को देखते हुए पालिका की ओर से यह पहल की गई है। 15वें वित्त आयोग की धनराशि से कराए जा रहे निर्माण कार्य के तहत साहूजी महाराज नगर वार्ड में दो सार्वजनिक शौचालय बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा वीर अब्दुल हमीद नगर, अमरुतिया और महुअवा वार्ड में एक-एक सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। इस तरह चार वार्डों में कुल पांच सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण होगा।
प्रत्येक सार्वजनिक शौचालय के निर्माण पर 10 लाख रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की जा रही है। पालिका की ओर से निर्माण स्थल पर कार्य शुरू करा दिया गया है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समय सीमा को लेकर संबंधित अधिकारियों को भी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। नगर पालिका का लक्ष्य सितंबर माह के पहले सप्ताह तक निर्माण कार्य पूरा कराकर लोगों को सुविधा उपलब्ध कराना है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि नगर के कई हिस्सों में सार्वजनिक शौचालय की कमी महसूस की जा रही थी। आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 15वें वित्त आयोग के माध्यम से सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण शुरू कराया गया है। उन्होंने बताया कि निर्धारित समय के अनुसार सितंबर माह के पहले सप्ताह तक निर्माण कार्य पूरा कर शौचालयों का शुभारंभ कराया जा सकेगा।