भाजपा की क्षेत्रीय कार्यसमिति में कृष्णगोपाल जायसवाल को बड़ी जिम्मेदारी
महराजगंज। भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में क्षेत्रीय कार्यसमिति की घोषणा कर दी है। इसमें जिले के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं पूर्व जिला महामंत्री कृष्णगोपाल जायसवाल को गोरखपुर क्षेत्र का क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। जनपद के किसी कार्यकर्ता को पहली बार क्षेत्रीय टीम में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के प्रति आभार जताया।
कृष्णगोपाल जायसवाल लंबे समय से भाजपा संगठन और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने पूर्व में भाजपा जिलाध्यक्ष पद के लिए भी आवेदन किया था। आवेदन में उन्होंने अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन में निभाई गई विभिन्न जिम्मेदारियों का उल्लेख किया था।
22 दिसंबर 1967 को जन्मे कृष्णगोपाल जायसवाल जिले के गांधीनगर वार्ड नंबर छह के निवासी हैं। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। उनके अनुसार वह बाल्यकाल से ही स्वयंसेवक के रूप में सक्रिय रहे हैं। वर्ष 1987 में उन्होंने पीजी कॉलेज छात्रसंघ में कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 1988 में नगर पालिका परिषद के सभासद, उपाध्यक्ष और कार्यवाहक अध्यक्ष रहे।
वर्ष 2000 में उन्हें स्थानीय निकाय प्रकोष्ठ के जिला संयोजक की जिम्मेदारी मिली। वर्ष 2005 से 2017 तक वह युवा व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रहे। वर्ष 2006 में गांधीनगर से सभासद निर्वाचित हुए। इसके बाद वर्ष 2009 से 2017 तक भाजपा के जिला महामंत्री की जिम्मेदारी संभाली।
संगठन में सक्रियता को देखते हुए वर्ष 2017 से 2020 तक वह भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य रहे। वर्ष 2017 से 2022 तक उन्होंने नगर पालिका परिषद महराजगंज के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें सिसवा विधानसभा का प्रभारी बनाया गया। वर्ष 2020 में बिहार की लौरिया विधानसभा में प्रवासी कार्यकर्ता के रूप में संगठन का काम किया।
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने की सूचना मिलते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी। पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, चौधरी शिवेंद्र सिंह समेत पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता जताई।