महराजगंज। जनशिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में महराजगंज पुलिस ने प्रदेश में अपनी बेहतर कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया है। अक्तूबर-2026 की प्रदेश स्तरीय आईजीआरएस रैंकिंग में जिले की पुलिस ने प्रथम स्थान हासिल किया है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि निस्तारण की नियमित निगरानी और समीक्षा की जा रही है। शासन की ओर से संचालित समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता, समयबद्धता और शिकायतकर्ता की संतुष्टि समेत विभिन्न मानकों के आधार पर रैंकिंग निर्धारित की जाती है।
एसपी ने बताया कि अक्तूबर माह के मूल्यांकन में महराजगंज पुलिस ने इन सभी मानकों पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके लिए थाना स्तर से लेकर जिला स्तर तक शिकायतों की लगातार निगरानी की गई। अधिकारियों की ओर से प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसके निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया गया। इस उपलब्धि को शिकायतों के समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण का परिणाम माना जा रहा है।