महराजगंज। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की इंस्पायर योजना के 5020 आवेदन लक्ष्य के सापेक्ष 13 सितंबर तक 2920 आवेदन किए जा चुके हैं। प्रदेश की रैंकिंग में जिला 34वें पायदान पर है। जबकि देवरिया 66, गोरखपुर 63 और कुशीनगर 62वें नंबर पर है। आज आवेदन की आखिरी तिथि है। रात्रि 11:59 तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। विभाग ने अधिक से अधिक आवेदन कराने के लिए नोडल शिक्षकों को पूरी उर्जा से जुटने के निर्देश दिए हैं।
इंस्पायर अवार्ड नामांकन में मंडल की खराब प्रगति में भले ही कोई सुधार नहीं, लेकिन जिले ने अपना प्रदर्शन सुधार लिया है। विभाग की सक्रियता व नामित नोडल शिक्षकों की मेहनत से अगस्त में 69वें पायदान से जिला 34वें पर आ गया है। इंस्पायर के नामित नोडल प्रधानाध्यापक अनमोल यादव ने बताया कि तय लक्ष्य 5020 के सापेक्ष 2920 आवेदन हो चुके हैं। 15 सितंबर नामांकन की आखिरी तिथि होने के कारण सभी नोडल शिक्षक पूरी उर्जा से लगे हैं।
मंडल के अन्य जनपद महराजगंज से पीछे हैं, लेकिन सभी नोडल शिक्षकों को शेष बचे समय में अधिक से अधिक नामांकन कराने के निर्देश हैं। ताकि लक्ष्य के और करीब जनपद को पहुंचाया जा सके।
-प्रदीप कुमार शर्मा, डीआईओएस।