महराजगंज। उद्यान विभाग ने दो योजनाओं के जरिये जनपद में आलू उत्पादन बढ़ाने की मुहिम शुरू की है। अधिक उत्पादन पर वाजिब दाम नहीं मिलने पर किसानों को लागत का 25 फीसदी अनुदान उद्यान विभाग देगा। इतना ही नहीं कोल्ड स्टोरेज में आलू भंडारित करने के लिए किसानों को 100 रुपये प्रति क्विंटल दी जाएगी।
जानकारी के अनुसार, आलू के गिरते भाव और बढ़ती उत्पादन लागत से परेशान किसानों के लिए प्रदेश सरकार ने ‘’भामाशाह भाव स्थिरता कोष’’ स्थापित किया है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर किसानों को इससे जोड़ने की मुहिम उद्यान विभाग ने शुरू कर दी है।
जनपद की बात करें तो उद्यान विभाग के आंकड़ों में कभी आठ हजार हेक्टेयर पर किसान आलू पैदा करते थे। लेकिन उत्पादन सीजन में भाव घटने से उत्पादन, मजदूरी, खुदाई, परिवहन और कोल्ड स्टोरेज खर्च का लागत निकालना मुश्किल होता गया। लगातार मंदी की स्थिति बनने के कारण उत्पादन रकबा घटकर पिछले वर्ष महज 2900 हेक्टेयर पर सिमट गया।
अब प्रदेश सरकार की तरफ से आलू उत्पादक किसानों को आर्थिक संबल देने के लिए मौजूदा वित्तीय सत्र में दो योजनाओं को हरी झंडी देकर किसानों को जोड़ने की कवायद शुरू की है।