महराजगंज। ऑल इंडियन फेयर प्राइस शाॅप डीलर एसोसिएशन के बैनर तले मंगलवार को कोटेदारों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। ज्ञापन में खाद्यान्न वितरण लाभांश बढ़ाने व होम स्टेप डिलिवरी में सस्ते गल्ले की दुकान तक खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मांग की।
कोटेदारों ने प्रदेश सचिव राजेंद्र सोनी के नेतृत्व में सौंपे ज्ञापन में कहा कि विभाग कार्डधारकों से फीडबैक लेकर कोटेदारों के वितरण की पुष्टि कर रहा, लेकिन इसमें विरोधियों की बातों को अधिक महत्व दिया जा रहा है। विरोधी कोटेदारों की झूठी शिकायत करते हैं, जिसे विभाग सही मानता है जो सही नहीं है। होम स्टेप डिलिवरी व्यवस्था के बाद भी राशन पहुंचाने वाले सड़क पर ही कोटेदारों से वाहन मंगाते हैं जिसका भुगतान कोटेदारों को करना पड़ता है।
एमडीएम और आईसीडीएस खाद्यान्न पर भी कमीशन तय किया जाए। पुराना सभी तरह का भुगतान कोटेदारों को तत्काल दिया जाए। यूपी में खाद्यान्न पर 90, चीनी पर 70 रुपये क्विंटल कमीशन दिया जा रहा, जबकि अन्य राज्यों में 200 रुपये क्विंटल की दर से कोटेदारों को लाभ दिया जा रहा है।
गुजरात में सबसे बेहतर व्यवस्था सभी को 20 हजार रुपये कमीशन के रूप में उपलब्ध हो रहा। यह नियम यूपी के कोटेदारों पर लागू किया जाए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष पौहारी शरण, बृजलाल, मेहरुननिशा, सोनी, बच्ची देवी, मनोज गुप्ता, संतोष, अख्तर, गोरख, अभिषेक मौजूद रहे। संवाद