परसामलिक। क्षेत्र के ग्राम पंचायत लुठहवा टोला घोड़हवा निवासी एक महिला का शव संदिग्ध हालात में बुधवार की देर शाम कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव का कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, परसामलिक थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लुठहवा टोला घोड़हवा निवासी अखिलेश चौहान की पत्नी मनीषा (23) का शव बुधवार की देर शाम उसके ही कमरे में रस्सी के सहारे लटका मिला। परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंचे नौतनवा नायब तहसीलदार सौरभ कुमार श्रीवास्तव एवं परसामलिक थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मनीषा के मौत के बाद 4 वर्षीय बेटे आर्यन का रो-रोकर बुरा हाल है। महिला का मायका सिंदुरिया थाना क्षेत्र के पतरेंगवा में है जहां वर्ष 2021 में रामकेवल पुत्र फेकू की पुत्री मनीषा के साथ घोड़हवा निवासी अखिलेश की शादी हुई थी। बताया जा रहा है मृतका का पति बंगलौर में रहता है। बैंगलोर से बुधवार को मृतका का पति अखिलेश चौहान जब घर पहुंचा तो घटना देखकर बदहवास हो गया है।
थानाध्यक्ष उमेश कुमार के अनुसार, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुआ है। तहरीर मिलने व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।