नौतनवा। क्षेत्र के गांव कुरहवा खुर्द में रविवार की देर शाम एक युवती का शव छत से लटकता मिला। युवती की मां की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, रविवार को नौतनवा थाना क्षेत्र के कुरहवा खुर्द निवासी प्रीति (18) घर पर अकेली थी। उसकी मां सुनीता बाजार गई थीं। घर पर छोटे-भाई बहन थे जो बाहर खेल रहे थे। पिता रामजीत पासवान मुंबई में रहकर मजदूरी करते हैं।
रविवार देर शाम जब युवती की मां बाजार से लौटी तो प्रीती का शव दुपट्टे के सहारे छत से लटका मिला। शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। संवाद