महराजगंज। विदेशी अधिनियम और धोखाधड़ी के मामले में आरोपी ब्रिटिश नागरिक जार्डन की बृहस्पतिवार को भी गवाही नहीं हो सकी। महराजगंज बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं के कार्य से विरत रहने के कारण सीजेएम कोर्ट में सुनवाई टल गई। अदालत ने अगली सुनवाई के लिए छह नवंबर की तारीख तय की है।
11 जुलाई को ब्रिटिश नागरिक जार्डन बिना वीजा और पासपोर्ट के नेपाल जा रहा था। इसी दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने उसे सोनौली सीमा पर पकड़ लिया था। इसके बाद सोनौली पुलिस ने उसके खिलाफ विदेशी अधिनियम और धोखाधड़ी के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। पकड़े जाने के बाद जार्डन को पहले महराजगंज और गोरखपुर जेल में रखा गया था। बाद में पुराने मामले के चलते उसे तिहाड़ जेल में स्थानांतरित कर दिया गया।