महराजगंज। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए निचलौल ब्लॉक की पांच ग्राम पंचायतों में वीबी जी राम जी पार्क और खेल मैदान विकसित किए जाएंगे। वित्तीय वर्ष 2026-27 में इसके लिए गेड़हवा, गड़ौरा, हरगांव, किशुनपुर और भेड़िया ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है।
योजना के तहत इन ग्राम पंचायतों में खाली पड़ी जमीन को विकसित कर बच्चों और युवाओं के लिए खेलकूद की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए शहर या कस्बों का रुख नहीं करना पड़ेगा। गांव में ही खेल मैदान मिलने से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। साथ ही बच्चों के शारीरिक विकास और खेलों के प्रति रुचि को भी बढ़ावा मिलेगा।
इससे पहले योजना के प्रथम चरण में निचलौल ब्लॉक की विभिन्न ग्राम पंचायतों में 18 पार्क और खेल मैदानों का निर्माण कराया जा चुका है। अब दूसरे चरण में पांच और ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। प्रत्येक पार्क के निर्माण पर करीब 10 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस तरह पांचों पार्कों के निर्माण पर कुल 50 लाख रुपये की धनराशि खर्च होगी। इनके विकसित होने से ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं का विस्तार होगा।
जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
एपीओ शिवेंद्र सूर्यवंशी ने बताया कि पांचों ग्राम पंचायतों में वीबी जी राम जी पार्क और खेल मैदान के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। निर्धारित मानकों के अनुसार पार्क और खेल मैदान विकसित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण बच्चों और युवाओं को गांव में ही खेलकूद और अभ्यास की बेहतर सुविधाएं मिल सकें।