निचलौल। शहर में मुख्य बाजार से लेकर कस्बों की सड़कों की हालत काफी तेजी से सुधर रही है। शहर की सड़कों के निर्माण के लिए शासन से अनुमति और बजट मिलने के बाद कई सड़कों के लिए कार्य भी शुरू हो गए है।
फिलहाल इन दिनों नगर पंचायत की ओर से शहर के विभिन्न वार्डो में करीब 50 लाख रुपये की लागत से आधा दर्जन इंटरलॉकिंग सड़कों के साथ ही आरसीसी नाला का निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक शहर में मुख्य बाजार से लेकर कस्बों में सड़कों की जाल बिछी हुई है। इसकी निगरानी नगर पंचायत की ओर से की जाती है। यह सड़कें वर्षों से बदहाल अवस्था में पड़ी हुई थी। जिसके चलते शहरवासियों को काफी दिक्कतों से होकर गुजरना पड़ता था। शहरवासियों की दुश्वारियां दूर करने के लिए नगर पंचायत ने बदहाल सड़कों की मरम्मत कराने के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था। वहीं शासन ने प्रस्ताव को पास करते हुए बदहाल सड़कों को बनवाने के लिए बजट जारी कर दी।
नगर पंचायत कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक करीब 50 लाख रुपये की लागत से शहर के हरेडीह वार्ड में थाना रोड से लेकर ज्ञान भारती स्कूल मोड तक, दामोदरी पोखरा से कृष्णा नगर वार्ड स्थित स्वामीनाथ के घर तक, पांडेय वार्ड में शिव मंदिर से लेकर रवि कन्नौजिया के घर तक, माड़वाडी वार्ड में श्याम बिहारी अग्रवाल के घर से ज्ञान प्रकाश के घर तक, मियां मोहल्ला में टिकुलहिया रोड से छोटी नहर संपर्क मार्ग तक इंटरलॉकिंग सड़क और आरसीसी नाला का निर्माण कराया जा रहा है।