7 जोन एवं 21 सेक्टर में विभाजित है सुरक्षा व्यवस्था, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर
एक अपर पुलिस अधीक्षक, 8 सीओ, 18 थानेदार, 14 निरीक्षक, 150 उपनिरीक्षक, 710 आरक्षी, 18 फायर ब्रिगेड टीम एवं 2 कंपनी पीएसी बल की तैनाती
नौतनवा। नेपाल सीमा पर स्थित कस्बा नौतनवा में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पुलिस महकमा पूरी तरह से सतर्क है। सरहद से कस्बे तक कदम दर कदम सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस रिकार्ड के मुताबिक कुल 1147 पुलिसकर्मियों की अभेद्य सुरक्षा घेरे में सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ जनसभा को संबोधित करेंगे।
बता दें कि शुक्रवार को नौतनवा कस्बे में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम प्रस्तावित है। करीब 11 बजे सीएम का हेलीकॉप्टर विधायक ऋषि त्रिपाठी के आवास के निकट उतरेगा। यहां विधायक के गृह प्रवेश कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री जनता को करीब 203 करोड़ रुपयों की सौगात देते हुए विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाए रखने के लिए एक अपर पुलिस अधीक्षक, 8 सीओ, 18 थानेदार, 14 निरीक्षक, 150 उपनिरीक्षक, 650 मुख्य आरक्षी/आरक्षी, 60 महिला आरक्षी, 18 फायर ब्रिगेड टीम एवं 02 कंपनी पीएसी बल की तैनाती करते हुए कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों को 07 जोन व 21 सेक्टर में विभाजित किया गया है। जहां प्रत्येक जोन एवं सेक्टर हेतु अधिकारियों एवं पुलिस बल की स्पष्ट जिम्मेदारी निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त एलआईयू, स्वाट एवं एसओजी टीमों को निरंतर सक्रिय रखते हुए खुफिया एवं तकनीकी निगरानी भी बढ़ाई गई है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी का कहना है कि भारत-नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा की संवेदनशीलता को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। नेपाल बॉर्डर से लगे थाना क्षेत्रों में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है तथा होटल, लॉज, मॉल, धर्मशाला, ढाबों एवं सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन जांच की जा रही है। जिला प्रशासन एवं पुलिस पूर्ण समन्वय एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने हेतु पूरी मुस्तैदी के साथ तैयार है। संवाद