- सीएमओ ने किया सीएचसी बृजमनगंज का निरीक्षण
फरेंदा। बृजमनगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का सोमवार को सीएमओ डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी ने औचक निरीक्षण किया। अस्पताल परिसर के मुख्य द्वार पर साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और जिम्मेदारों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
सोमवार सुबह करीब 11 बजे सीएमओ अचानक सीएचसी पहुंचे। इस दौरान ओपीडी में डॉ. गिरीशचंद्र और फार्मासिस्ट अजय त्रिपाठी ड्यूटी पर मौजूद मिले। सीएमओ ने इमरजेंसी सेवा, प्रसव कक्ष, दवा वितरण कक्ष, महिला वार्ड, काउंसलिंग रूम और उपस्थिति रजिस्टर समेत अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों के बेड पर प्रतिदिन बेडशीट बदलने, स्वीपर की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगाने और अस्पताल परिसर को हमेशा साफ-सुथरा रखने के निर्देश दिए। प्रसूताओं को डिस्चार्ज करने से पहले जननी सुरक्षा योजना के भुगतान से संबंधित अभिलेख प्राप्त करने को भी कहा।
निरीक्षण के दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुशील कुमार गुप्ता, बीसीपीएम विनोद कुमार, बीपीएम गणेश सिंह, अनवर हुसैन, देवेंद्र कन्नौजिया, चंद्र प्रकाश चौधरी समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।