श्याम मंदिर से निकाली गई खाटू श्याम की शोभायात्रा
ध्वज थामे भक्ति भाव से यात्रा में शामिल हुए श्रद्धालु
महराजगंज। गांधी नगर वार्ड स्थित श्याम मंदिर से शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे खाटू श्याम के ध्वज के साथ शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान हारे का सहारा, खाटू श्याम हमारा...के उद्घोष से पूरा वातावरण गूंजायमान हो उठा। श्रद्धालु ध्वज थामे भक्ति भाव से यात्रा में शामिल हुए।
श्याम मंदिर के पुजारी राधे-राधे बाबा ने कहा कि भक्तों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ निशान यात्रा निकाली। यात्रा श्याम मंदिर से शुरू होकर मऊपाकड़ दुर्गा मंदिर, सक्सेना चौराहा, हनुमानगढ़ी मंदिर होते हुए पुनः श्याम मंदिर पर जाकर समाप्त हुई।
मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। जुलूस के दौरान भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए, जबकि कई भक्त लगातार जयकारे लगाकर वातावरण को भक्तिमय बनाए रखे। शोभायात्रा के समापन के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और बाबा श्याम की कृपा प्राप्त की।
इस दौरान सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल, दीपक गोयनका, श्याम कुमार गुप्ता, व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता, अजय राज कसौधन, विनोद कुमार गुप्ता, अनूप टिबडेवाल, अमित कुमार मौजूद रहे।