खुटहा बाजार/पनियरा। क्षेत्र के खजुरिया गांव में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव घर में फंदे से लटकता मिला। बताया जा रहा है कि गांव की जमीन को लेकर उसका पिता से विवाद चल रहा था। इसी तनाव में उसने आत्महत्या कर ली।
शुक्रवार सुबह देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों ने घर में झांककर देखा तो उसका शव फंदे से लटका हुआ दिखा। पड़ोसियों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लिया।
जानकारी के अनुसार, खजुरिया गांव निवासी दीपक चौहान (22) के पिता चंद्रिका चौहान ने पहली पत्नी संगीता के मरने के बाद दूसरी शादी कर ली थी। पहली पत्नी से उसे एक पुत्र दीपक चौहान और एक पुत्री पूनम हुए। पूनम दीपक चौहान से छोटी है और उसकी शादी हो चुकी है और वह अपनी ससुराल में है। पिता चंद्रिका दूसरी पत्नी के साथ पंजाब में रहकर काम काज करते हैं। उसकी दूसरी पत्नी से भी एक लड़का और एक लड़की हैं।
गांव में चर्चा है की चंद्रिका दीपक को जायदाद और घर में हिस्सा नहीं देना चाहता था, जबकि दीपक घर और खेत में हिस्सा लेने पर अड़ा हुआ था। इसको लेकर उसकी पिता से अक्सर कहासुनी होती रहती थी। गांव के लोगों का कहना है कि परिवार के पास मात्र 30 डिसमिल खेती योग्य जमीन और गांव का घर है। इसको लेकर कई बार गांव में पंचायत भी हुई, फिर भी दीपक को हिस्सा नहीं मिला।
लोगों ने बताया कि पारिवारिक विवाद को लेकर दीपक चौहान काफी परेशान था। वह बाहर रहकर फर्नीचर बनाने का काम करता था। 15 दिन पहले ही वह बाहर से गांव आया था। वह घर में अकेले ही रहता था। बृहस्पतिवार रात दीपक ने घर में ही फंदा लगाकर जान दे दी। थानाध्यक्ष पनियरा राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने पर ही मृत्यु के कारण का पता चल सकेगा। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।