महराजगंज। नेपाल में बीते दिन मजगांवा थाना क्षेत्र के कदमहवा में कपड़े का बंडल बरामद हुआ था। भारतीय सीमा क्षेत्र की पगडंडियों से होकर बाइक से यह कपड़ा भेजा गया था।
कैरियर नेपाल के पुलिस के हाथ नहीं लगे। जांच में पता चला की छोटे-छोटे बंडल बनाकर आसानी से कैरियर सरहद पार कर रहे हैं।
एक अनुमान के अनुसार एक पगडंडी से लाखों के कपड़े सरहद पार हो रहे हैं। कैरियर बेहद होशियारी से इसे सरहद पार करा रहे हैं। सुरक्षा कर्मियों के पेट्रोलिंग के दौरान तस्करों की हलचल नहीं होती है। सूत्रों की मानें तो जनपद के भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सीमावर्ती क्षेत्र के पगडंडियों से कपड़े की तस्करी में इजाफा हुआ है। रविवार को नेपाल पुलिस ने सुंडी गांव के रास्ते बाइक से नेपाल पहुंचा कपड़ा बरामद किया था।
तस्कर अब नए प्लानिंग के साथ धंधे में जुटे हैं। छोटे-छोटे बंडलों को बाइक पर रखकर नेपाल पहुंचाया जा रहा है। नेपाल में भारतीय कपड़े की बढ़ती मांग को देखते हुए भारत से नेपाल कपड़े की तस्करी बढ़ी है।
पर्दे के पीछे तस्कर इस काम को कैरियरों के जरिए कर रहे हैं। भारत-नेपाल के बीच खुली सीमा तस्करों के लिए मुफीद है। बताते हैं कि तस्करी के सामान बाॅर्डर पर स्थित गांवों में छुपाकर रख देते हैं। जब रात होने लगती है, तब सामान को नेपाल पहुंचा देते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर नेपाल की ओर कपड़ों के गठ्ठर लेकर चले जाते हैं।
इस समय कपड़ा तस्करी को लेकर नेपाल सीमा चर्चा में है। नौतनवा, सोनौली, ठूठीबारी, झुलनीपुर, आदि स्थानों से कपड़े की तस्करी बड़े पैमाने पर चल रही है। तस्कर भारतीय बाजारों को सस्ते दर पर कपड़ों को खरीदकर नेपाल पहुंचा रहे हैं। सीमा खुली होने का कारोबारी खूब लाभ उठा रहे हैं।
नेपाल मजगामा के सशस्त्र प्रहरी बल के इंस्पेक्टर हरी ढकाल ने बताया कि बीते दिनों भारतीय क्षेत्र से आए कपड़े की बरामदगी हुई थी। इसकी जांच करने के साथ ही सीमावर्ती क्षेत्र में विशेष निगरानी की जा रही है।