परतावल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल में जांच सुविधाओं के विस्तार से अब ग्रामीण इलाकों के मरीजों को बड़ी राहत मिलने लगी है। पहले जहां सामान्य जांच के लिए भी निजी पैथालॉजी पर जाकर मोटी रकम खर्च करना पड़ता था, वहीं अब कई जरूरी जांचें सीएचसी पर ही हो जाने से मरीजों को काफी फायदा हो रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने हाल ही में सीएचसी में नई मशीनों की स्थापना की गई है, जिनमें ब्लड टेस्ट, एक्स-रे, शुगर, यूरीन, लिवर फंक्शन टेस्ट, किडनी फंक्शन टेस्ट, यूरिक एसिड, सोडियम पोटेशियम क्लोराइड, सीआरपी और ईसीजी जैसी सुविधाएं प्रमुख हैं। इससे मरीजों का समय, पैसे और मेहनत तीनों की बचत हो रही है। प्रत्येक दिन 60 से 70 मरीजों की जांच होती है।
स्थानीय निवासी छविलाल ने बताया कि पहले हमें छोटी सी जांच के लिए भी निजी पैथालॉजी पर जाना पड़ता था, जहां काफी पैसे खर्च हो जाते थे, लेकिन अब यहीं जांच और इलाज दोनों हो जाता है।
डॉक्टर भी अब जांच रिपोर्ट के आधार पर सही इलाज कर पा रहे हैं। शकुंतला ने बताया कि सीजर वाली प्रसूताओं को सीजर के पहले होने वाले सभी जांच पहले बाहर कराए जाते थे, जिसके लिए मोटी रकम खर्च करनी पड़ती थी, लेकिन अब सीएचसी में अल्ट्रासाउंड मशीन भी स्थापित की गई है, जिससे गर्भवती महिलाओं को समय-समय पर जांच की सुविधा मिल रही है।
अधीक्षक डाॅ. अनिल जायसवाल ने बताया कि आने वाले समय में और भी अत्याधुनिक मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी। विभाग का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हों।
जांच सुविधाओं के विस्तार से न सिर्फ मरीजों को राहत मिली है, बल्कि अस्पताल की विश्वसनीयता और मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है।